वैभव सूर्यवंशी से छोटी हैं उमा काश्वी, 15 साल में मिला WPL कॉन्ट्रैक्ट! कौन हैं दिल्ली कैपिटल्स की यह नई क्रिकेट सनसनी?

By Pavan Kumar On October 29th, 2026

वैभव सूर्यवंशी से छोटी हैं उमा काश्वी, 15 साल में मिला WPL कॉन्ट्रैक्ट! कौन हैं दिल्ली कैपिटल्स की यह नई क्रिकेट सनसनी?

भारतीय क्रिकेट को एक और युवा प्रतिभा मिल गई है, जिसने इतनी कम उम्र में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। कर्नाटक की उमा काश्वी कंडीकुप्पा ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के मिनी ऑक्शन में इतिहास रच दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने इस 15 साल की ऑलराउंडर को 10 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। वह WPL ऑक्शन में खरीदी जाने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं। खास बात यह है कि उनकी उम्र वैभव सूर्यवंशी से भी 13 दिन कम है।

कौन हैं उमा काश्वी कंडीकुप्पा?

काश्वी का जन्म 9 अप्रैल 2011 को हुआ था, यानी भारत के 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने के ठीक सात दिन बाद। दूसरी ओर, वैभव सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था। इस लिहाज से काश्वी उनसे 13 दिन छोटी हैं। हालांकि, यहां एक दिलचस्प फर्क भी है—वैभव को IPL कॉन्ट्रैक्ट महज 13 साल की उम्र में मिला था, जबकि काश्वी को यह उपलब्धि 15 साल की उम्र में WPL ऑक्शन के जरिए मिली है।

दिल्ली कैपिटल्स ने काश्वी को उनके बेस प्राइस 10 लाख रुपये में खरीदा। इससे पहले टीम ने पिछले ऑक्शन में दीया यादव को मौका दिया था, जो उस समय 16 साल की थीं। अब काश्वी ने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

यह भी पढ़ें: Rise and Fall 2: गौतम गुलाटी से भिड़े मनीष कश्यप, बोले- ‘हम बिहार से आते हैं…’, भड़के वीरेंद्र सहवाग ने बीच में छोड़ा शो!

बल्ले और गेंद, दोनों से दिखाती हैं दम

काश्वी दाएं हाथ से बल्लेबाजी करती हैं और ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करती हैं। उनकी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला अंडर-15 वनडे टूर्नामेंट के 2025-26 सीजन में उन्होंने 172 की औसत से 516 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और एक अर्धशतक निकला।

‘डेक्कन हेराल्ड’ की रिपोर्ट के मुताबिक, काश्वी ने अपने आयु वर्ग के क्रिकेट में 530 मैचों के दौरान 13,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम 24 शतक और 68 अर्धशतक दर्ज हैं। वह कर्नाटक की अंडर-15 टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं। इसके अलावा महारानी ट्रॉफी में बेंगलुरु ब्लास्टर्स की अगुआई करने का अनुभव भी उनके पास है।

सात साल की उम्र से शुरू हुआ सफर

काश्वी ने करीब सात साल की उम्र में घर के पास एक क्रिकेट अकादमी में खेलना शुरू किया था। धीरे-धीरे उन्होंने उम्र वर्ग के टूर्नामेंटों में अपनी पहचान बनाई। WPL ऑक्शन से पहले वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कैंप में भी ट्रेनिंग कर चुकी हैं। वहां मिले अनुभव ने उन्हें आक्रामक क्रिकेट खेलने और खुद पर भरोसा रखने की सीख दी।

अब दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ना उनके करियर का बड़ा पड़ाव है। इतनी छोटी उम्र में मिले इस मौके से काश्वी के पास अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर साबित करने का अवसर है। क्रिकेट फैंस की नजरें अब इस युवा ऑलराउंडर के अगले कदम पर रहेंगी।

 

यह भी पढ़ें: ‘वैभव, गर्म पानी पीना, ठंडा मत पीना…’ न्यूजीलैंड में इस महिला ने लुटाया 15 साल के वैभव पर प्यार, बलिया की ‘दीदी’ का वीडियो जीत रहा दिल

Latest Post