‘वैभव, गर्म पानी पीना, ठंडा मत पीना…’ न्यूजीलैंड में इस महिला ने लुटाया 15 साल के वैभव पर प्यार, बलिया की ‘दीदी’ का वीडियो जीत रहा दिल

By Pavan Kumar On October 28th, 2026

‘वैभव, गर्म पानी पीना, ठंडा मत पीना…’ न्यूजीलैंड में इस महिला ने लुटाया 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर प्यार, बलिया की ‘दीदी’ का वीडियो जीत रहा दिल

मैदान पर बड़े-बड़े गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले वैभव सूर्यवंशी की एक छोटी-सी बातचीत ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है। न्यूजीलैंड की ठंड के बीच भारतीय युवा बल्लेबाज को एक महिला ने ऐसी सलाह दी, जैसी घर में मां या बड़ी बहन अपने छोटे भाई को देती है। महिला ने वैभव को ठंडा पानी पीने से मना किया और गर्म पानी पीने की हिदायत दी। भारत की जीत के बाद सामने आए इस वीडियो में क्रिकेट से ज्यादा लोगों का ध्यान उस अपनापन भरे पल पर जा रहा है।

‘हम लोग भी बलिया से हैं’, फिर वैभव को दी खास सलाह

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में भारत की शानदार जीत के बाद वैभव सूर्यवंशी प्रशंसकों को ऑटोग्राफ देने पहुंचे थे। इसी दौरान स्टैंड्स से एक महिला ने उन्हें आवाज लगाई। उसने अपना परिचय देते हुए कहा कि वे भी बलिया से हैं और फिर वैभव की तबीयत का हाल पूछा।

यह भी पढ़ें: WTC Final की रेस में 7 टीमों के बीच घमासान, टीम इंडिया के लिए बचा सिर्फ एक रास्ता! 7 में से 6 टेस्ट जीतने होंगे, तभी जिंदा रहेगी उम्मीद

महिला ने कहा, “वैभव… हम लोग भी बलिया से हैं। कैसे हो, ठीक हो? गर्म पानी पीना, ठंडा मत पीना।”

महिला की इस बात में किसी बड़े की फिक्र साफ झलक रही थी। न्यूजीलैंड की ठंडी हवाओं के बीच वैभव को अपनेपन से दी गई यह सलाह लोगों को खूब पसंद आई। वैभव ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “अच्छा जी, ठीक है।” बस, इसी छोटे-से संवाद ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच लिया। वीडियो को लोग एक युवा खिलाड़ी के प्रति दिखाए गए स्नेह के रूप में देख रहे हैं।

मैदान पर वैभव का बल्ला भी खूब बोला

तीसरे टी20 में वैभव ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में 45 रन बनाए और अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने 113 रनों की विस्फोटक पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 133 रन जोड़ दिए।

भारत ने 199 रनों का लक्ष्य 13.2 ओवर में हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।

समस्तीपुर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर

बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव ने कम उम्र में ही क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया था। गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया।

अब भारतीय टीम के लिए खेलते हुए भी वैभव का बेखौफ अंदाज जारी है। मैदान पर उनके छक्के चर्चा बटोरते हैं, लेकिन न्यूजीलैंड में बलिया की महिला के साथ हुई यह बातचीत याद दिलाती है कि रिकॉर्ड और शोहरत के बीच वह अभी भी एक किशोर हैं, जिनकी चिंता करने वाले लोग हर जगह मिल जाते हैं।

यह भी पढ़ें: IND vs NZ: वैभव-अभिषेक की तबाही देख दंग रह गए श्रेयस अय्यर! बोले- “सच कहूं तो 5 ओवर में 100 रन…

Latest Post