Rise and Fall 2: गौतम गुलाटी से भिड़े मनीष कश्यप, बोले- ‘हम बिहार से आते हैं…’, भड़के वीरेंद्र सहवाग ने बीच में छोड़ा शो!
By Pavan Kumar On October 29th, 2026

रियलिटी शो ‘Rise and Fall 2’ में सत्ता की लड़ाई अब निजी दुश्मनी का रूप लेती नजर आ रही है। ताजा एपिसोड में गौतम गुलाटी और मनीष कश्यप के बीच ऐसी बहस छिड़ी कि मामला गाली देने के आरोपों से लेकर गोली मारने वाली टिप्पणी तक पहुंच गया। दोनों को आमने-सामने देखकर शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग भी अपना आपा खो बैठे। उन्होंने मनीष को जमकर फटकार लगाई। हालात नहीं संभले तो सहवाग नाराज होकर मंच से चले गए।
नॉमिनेशन पर शुरू हुई गौतम-मनीष की भिड़ंत
परिवार और करीबियों के साथ समय बिताने के बाद शो के रूलर्स रेड रूम में लौटे। रैंकिंग में सोनम, जसवंत, ऋषभ और मनीष आखिरी चार स्थानों पर थे, लिहाजा उन्हें बेसमेंट में भेजे जाने का खतरा था। किसे बचाना है, इसका फैसला अल्टीमेट रूलर गौतम गुलाटी को करना था।
मनीष ने गौतम के सामने खुद को बचाने की दलील रखने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मेरे जीवन का सबसे खराब दिन होगा, जिस दिन मैं गौतम गुलाटी के सामने बैठकर अपने आप को पिच करूंगा कि मुझे बचा लो।” साथ ही उन्होंने गौतम के गेम खेलने के तरीके पर भी सवाल उठाए।
गौतम ने शुरुआत में उनकी बात को हल्के में लिया, लेकिन मनीष लगातार अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे। देखते ही देखते दूसरे कंटेस्टेंट्स भी बहस में शामिल हो गए।
यह भी पढ़ें: Karwa Chauth 2026: राज-सिमरन से रणविजय-गीतांजलि तक, बॉलीवुड के ये 6 सीन देखकर फिर ताजा हो जाएगा प्यार! चांद के दीदार वाले पल आज भी हैं यादगार
‘हम बिहार से आते हैं…’
विवाद तब और बढ़ गया, जब गाली देने की बात पर दोनों उलझ पड़े। गौतम ने सवाल किया, “साला कोई गाली होती है?” इस पर मनीष ने तीखे अंदाज में जवाब दिया, “तुम्हारे लिए नहीं गाली होती होगी, हमारे यहां साला पे गोली चल जाता है। हम बिहार से आते हैं, वहां पर गोली मार देते हैं।”
मनीष की इस टिप्पणी के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। आखिरकार गौतम ने अपना फैसला सुनाते हुए उन्हें टावर से बेसमेंट में भेज दिया।
मनीष पर भड़के वीरेंद्र सहवाग, छोड़ दिया मंच
मामले में दखल देते हुए सहवाग ने मनीष को उनके बयान पर घेरा। उन्होंने अपने गृह क्षेत्र नजफगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां गैंगस्टरों और गोलीबारी की खबरें आती रही हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपने इलाके का नाम लेकर इस तरह की धमकी भरी बात नहीं की।
मनीष ने सफाई देते हुए कहा, “सर, मैंने पहले ही कहा था कि मैं किसी को गाली नहीं दूंगा, लेकिन सुनूंगा भी नहीं।” इस पर सहवाग ने जवाब दिया, “तो आप फिर उसी जगह चले जाइये, आप मत सुनिए।”
मनीष ने दावा किया कि गौतम ने पहले गाली दी थी और दूसरी बार ऐसा होने पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी। लेकिन बहस थमने का नाम नहीं ले रही थी। दोनों को लगातार उलझते देख सहवाग इतने नाराज हुए कि मंच छोड़कर चले गए। बाद में वह लौटे और शो पूरा किया।
इस पूरे विवाद ने ‘राइज एंड फॉल 2’(Rise and Fall 2) में कंटेस्टेंट्स के बीच बढ़ती तल्खी को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।