IPL 2027: CSK में आते ही लियाम लिविंगस्टोन की फीस 7 करोड़ घटी! 4 खिलाड़ियों की मेगा ट्रेड से बदली दो टीमों की तस्वीर
By Pavan Kumar On November 5th, 2026

IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने ऐसा कदम उठाया है, जिसने दोनों टीमों की रणनीति बदल दी है। दोनों फ्रेंचाइजी के बीच चार खिलाड़ियों की ट्रेड आधिकारिक तौर पर पूरी हो गई है। इंग्लैंड के विस्फोटक ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स अब चेन्नई की जर्सी में नजर आएंगे। वहीं, भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद और ऑस्ट्रेलियाई पेसर नाथन एलिस हैदराबाद का हिस्सा बन गए हैं। इस डील में सबसे ज्यादा चर्चा लिविंगस्टोन की फीस को लेकर है, जो 13 करोड़ से घटकर 6 करोड़ रुपये रह गई है।
13 करोड़ से सीधे 6 करोड़ पर आए लिविंगस्टोन
सनराइजर्स हैदराबाद ने लिविंगस्टोन को आईपीएल 2026 से पहले 13 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। लेकिन अब चेन्नई सुपर किंग्स में जाने के लिए उनकी नई फीस 6 करोड़ रुपये तय हुई है। यानी उनके आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट की कीमत में सीधे 7 करोड़ रुपये की कमी आई है।
चेन्नई को लिविंगस्टोन के रूप में ऐसा बल्लेबाज मिला है, जो मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बना सकता है। लंबे छक्के लगाने के अलावा वह ऑफ स्पिन और लेग स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी करने की क्षमता रखते हैं। आईपीएल 2026 में उन्हें हैदराबाद की ओर से सिर्फ दो मुकाबले खेलने का मौका मिला था। ऐसे में चेन्नई में वह ज्यादा जिम्मेदारी के साथ उतरना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें: ना 183, ना 133… 38वें जन्मदिन पर विराट कोहली ने चुनी अपनी सबसे पसंदीदा ODI पारी, सिर्फ 43 रन में छिपी है खास कहानी
जैक एडवर्ड्स भी चेन्नई की टीम में शामिल
लिविंगस्टोन के साथ ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स भी CSK में आ गए हैं। उनकी फीस 3 करोड़ रुपये ही रखी गई है। हैदराबाद ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण से पहले साइन किया था, लेकिन पैर की चोट के कारण वह आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेल पाए। एडवर्ड्स तेज गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।
खलील और एलिस से मजबूत होगी हैदराबाद की गेंदबाजी
इस ट्रेड के बदले हैदराबाद को खलील अहमद और नाथन एलिस मिले हैं। खलील 4.8 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर SRH से जुड़ेंगे। वह इससे पहले 2018 से 2021 तक भी इस फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं। आईपीएल 2025 में उन्होंने चेन्नई की ओर से 14 मैचों में 15 विकेट लिए थे। हालांकि, 2026 में पांच मैच खेलने के बाद क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण उन्हें सीजन से बाहर होना पड़ा।
दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज एलिस 2 करोड़ रुपये की फीस पर हैदराबाद पहुंचेंगे। डेथ ओवरों में यॉर्कर और धीमी गेंदों के इस्तेमाल के लिए पहचाने जाने वाले एलिस टीम के तेज गेंदबाजी विकल्प बढ़ाएंगे।
इस तरह CSK ने अपनी बल्लेबाजी और ऑलराउंड विकल्पों पर दांव लगाया है, जबकि SRH ने गेंदबाजी को मजबूती देने के लिए दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाज अपने साथ जोड़े हैं।