Happy Birthday Virat Kohli: 38वें जन्मदिन पर जानिए किंग कोहली के 13 टैटू का राज, क्रिकेट में बना चुके हैं ऐसे रिकॉर्ड जिन्हें तोड़ना आसान नहीं!
By Pavan Kumar On November 5th, 2026

Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। 18 साल से ज्यादा के अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी, फिटनेस और मैदान पर लड़ने के अंदाज से अलग पहचान बनाई है। कभी लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को जीत दिलाना हो या बड़े टूर्नामेंट में शतकों की झड़ी लगानी हो, कोहली ने हर भूमिका में अपनी छाप छोड़ी है। क्रिकेट के अलावा उन्हें टैटू का भी खास शौक है। उनके शरीर पर बने करीब 13 टैटू उनके परिवार, आध्यात्मिक विश्वास, अनुशासन और क्रिकेट के सफर से जुड़े हैं।
ओम से समुराई तक, हर टैटू के पीछे छिपा है एक मतलब
कोहली के बाएं हाथ पर बना ओम का निशान आध्यात्मिकता और ब्रह्मांड की मूल ध्वनि का प्रतीक है। बाएं कंधे पर मॉनेस्ट्री यानी मठ का डिजाइन शांति और साधना को दर्शाता है। वहीं, दाहिने हाथ पर बना वृश्चिक राशि का चिन्ह उनके जन्म से जुड़ा है।
उनके बाएं हाथ पर 269 और 175 नंबर के टैटू भी हैं। ये क्रमशः उनके टेस्ट और वनडे कैप नंबर हैं। माता-पिता प्रेम और सरोज के नाम का टैटू परिवार के प्रति उनके लगाव को दिखाता है। इसके अलावा जापानी समुराई का डिजाइन अनुशासन, सम्मान और आत्मनियंत्रण से जुड़ा है। कंधे पर बनी ‘गॉड्स आई’, पियोनी फूल, दाहिने फोरआर्म का मेटाट्रॉन क्यूब और कैलाश पर्वत पर ध्यान करते भगवान शिव का चित्र भी उनके टैटू कलेक्शन का हिस्सा हैं। हाल के आर्टवर्क में कमल और पानी में बूंद गिरने से बनने वाली लहरों जैसा गोलाकार डिजाइन भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: 51 गेंदों में 74 रन, कोहली के 13 चौकों ने मचाई तबाही! भारत ने 5 विकेट से जीता पहला वनडे, गिल की पारी पर भी उठे सवाल
38 साल की उम्र में भी रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला जारी
कोहली ने 18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अब तक 318 वनडे में 15,183 रन बनाए हैं। उनके नाम 55 शतक और 80 अर्धशतक दर्ज हैं। वह वनडे में 15 हजार रन पूरे करने वाले सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे बल्लेबाज हैं और इस मुकाम तक सबसे तेज पहुंचे।
2023 वनडे विश्व कप में कोहली ने 765 रन बनाकर टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड बनाया था। इसी विश्व कप में वह वनडे में 50 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने। उनके नाम 2011 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा होने और 2023 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने की उपलब्धि भी है।
टेस्ट और टी20 से संन्यास, अब 2027 विश्व कप पर नजर
कोहली टेस्ट क्रिकेट में 123 मैचों में 9,230 रन और 30 शतक बनाने के बाद मई 2025 में संन्यास ले चुके हैं। टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 125 मैचों में 4,188 रन हैं। 2024 टी20 विश्व कप जीतने के बाद उन्होंने इस प्रारूप को भी अलविदा कह दिया था।
अब उनका पूरा ध्यान वनडे क्रिकेट पर है। 2026 में खेले 10 वनडे में वह 626 रन बना चुके हैं, जिसमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। 38वें जन्मदिन पर कोहली के सामने अगला बड़ा लक्ष्य 2027 वनडे विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाने का होगा।