IPL 2027 Mega Auction: रिटेंशन के लिए 40 करोड़ मांग रहे बड़े खिलाड़ी! क्या टूटेगा ऋषभ पंत का 27 करोड़ वाला रिकॉर्ड?

By Pavan Kumar On November 6th, 2026

IPL 2027 Mega Auction: रिटेंशन के लिए 40 करोड़ मांग रहे बड़े खिलाड़ी! क्या टूटेगा ऋषभ पंत का 27 करोड़ वाला रिकॉर्ड?

IPL 2027 में अब तक खिलाड़ियों पर 25 से 30 करोड़ रुपये खर्च करना भी बड़ी बात मानी जाती रही है, लेकिन आने वाले मेगा ऑक्शन से पहले कुछ स्टार खिलाड़ियों ने फ्रेंचाइजी के सामने ऐसी कीमत रख दी है, जिससे टीम मालिकों की चिंता बढ़ सकती है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल के कुछ टॉप-टियर खिलाड़ियों ने अपनी टीम में बने रहने के लिए 40 करोड़ रुपये तक की रिटेंशन फीस मांगी है। कम से कम दो खिलाड़ियों ने अपनी फ्रेंचाइजी को साफ कर दिया है कि इतनी रकम मिलने पर ही वे टीम के साथ बने रहने को तैयार हैं।

40 करोड़ की मांग से फ्रेंचाइजियों के सामने नई चुनौती

रिपोर्ट के अनुसार, कुछ बड़े खिलाड़ियों को लगता है कि अगर वे रिटेंशन के बजाय नीलामी में उतरते हैं, तो उन पर इससे भी बड़ी बोली लग सकती है। ऐसे में वे पहले से ही अपनी कीमत तय करने की कोशिश कर रहे हैं। एक मामले में यह मांग कप्तानी की भूमिका से भी जुड़ी बताई गई है। हालांकि, रिपोर्ट में खिलाड़ियों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है और फ्रेंचाइजियों के साथ इस मुद्दे पर अभी कोई औपचारिक बातचीत भी नहीं हुई है।

आईपीएल 2027 की मिनी नीलामी मौजूदा चक्र की आखिरी नीलामी होगी। इसके बाद 2028 सीजन से पहले मेगा ऑक्शन होने की संभावना है, जो दिसंबर 2027 में आयोजित किया जा सकता है। यानी टीमों के पास अपने स्क्वॉड को नए सिरे से तैयार करने का बड़ा मौका होगा।

यह भी पढ़ें: IPL 2027: CSK में आते ही लियाम लिविंगस्टोन की फीस 7 करोड़ घटी! 4 खिलाड़ियों की मेगा ट्रेड से बदली दो टीमों की तस्वीर

ऋषभ पंत के 27 करोड़ का रिकॉर्ड भी टूट सकता है

फिलहाल आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2025 की मेगा नीलामी में उन्हें 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनसे पहले श्रेयस अय्यर 26.75 करोड़ रुपये की बोली के साथ सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। दोनों ने अपनी पुरानी टीमों के साथ रिटेन होने के बजाय नीलामी में उतरने का फैसला किया था।

अब 40 करोड़ रुपये की मांग इन रिकॉर्ड कीमतों से काफी आगे है। अगर कोई खिलाड़ी नीलामी में इतनी बड़ी रकम हासिल करता है, तो आईपीएल के इतिहास में नया रिकॉर्ड बन जाएगा।

150 करोड़ का पर्स भी पड़ सकता है कम

फ्रेंचाइजियों के लिए राहत की बात यह हो सकती है कि अगले मेगा ऑक्शन में टीमों का कुल पर्स करीब 150 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, यह रकम अभी आधिकारिक तौर पर तय नहीं हुई है। आईपीएल 2027 के लिए पर्स 130 करोड़ रुपये है, जबकि 2025 में यह 120 करोड़ रुपये था।

150 करोड़ के संभावित बजट में 40 करोड़ रुपये किसी एक खिलाड़ी पर खर्च करने का मतलब कुल पर्स का 26 फीसदी से ज्यादा हिस्सा देना होगा। ऐसे में जिन टीमों को कई बड़े खिलाड़ियों को रिटेन करना है, उनके लिए यह फैसला आसान नहीं होगा। आखिरकार खिलाड़ियों की मांग, बीसीसीआई के रिटेंशन नियम और फ्रेंचाइजी का बजट ही तय करेंगे कि यह 40 करोड़ का आंकड़ा हकीकत बन पाता है या नहीं।

यह भी पढ़ें: ना 183, ना 133… 38वें जन्मदिन पर विराट कोहली ने चुनी अपनी सबसे पसंदीदा ODI पारी, सिर्फ 43 रन में छिपी है खास कहानी