IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस का बड़ा दांव! कीरोन पोलार्ड को मिली हेड कोच की कुर्सी, जयवर्धने की लेंगे जगह

By Pavan Kumar On October 25th, 2026

IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस का बड़ा दांव! कीरोन पोलार्ड को मिली हेड कोच की कुर्सी, जयवर्धने की लेंगे जगह

मुंबई इंडियंस ने IPL 2027 से पहले अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए कीरोन पोलार्ड को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने अब उस खिलाड़ी को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है, जिसने लंबे समय तक मैदान पर मुंबई के लिए मैच पलटे और टीम को कई खिताब जिताने में योगदान दिया। पोलार्ड महेला जयवर्धने की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में पद छोड़ने का फैसला किया था। अब देखना होगा कि मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज के लिए मशहूर पोलार्ड बतौर कोच मुंबई की किस्मत बदल पाते हैं या नहीं।

2010 से मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ाव

पोलार्ड का मुंबई इंडियंस से रिश्ता काफी पुराना है। उन्होंने 2010 में IPL में कदम रखा और 2022 तक इसी फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने 189 मैचों में 3,412 रन बनाए और 69 विकेट भी अपने नाम किए। वह मुंबई की पांचों खिताबी जीत—2013, 2015, 2017, 2019 और 2020—के दौरान टीम का हिस्सा रहे।

खिलाड़ी के रूप में IPL से विदाई लेने के बाद भी पोलार्ड ने मुंबई से नाता नहीं तोड़ा। 2022 सीजन के बाद उन्होंने टीम के बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली। अब मुख्य कोच के रूप में उनका अगला अध्याय शुरू होने जा रहा है।

नई जिम्मेदारी मिलने पर क्या बोले पोलार्ड?

पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस का मुख्य कोच बनने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह टीम उनके जीवन और करियर का बेहद अहम हिस्सा रही है। खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और ‘एमआई पलटन’ के साथ उनका जुड़ाव उनके लिए खास मायने रखता है।

पोलार्ड ने टीम की विरासत को आगे बढ़ाने, युवा प्रतिभाओं को निखारने और मुंबई को भविष्य में और सफलताएं दिलाने की इच्छा भी जताई। उनके पास फ्रेंचाइजी के साथ खेलने और कोचिंग करने, दोनों का अनुभव है। ऐसे में टीम को उनसे काफी उम्मीदें होंगी।

यह भी पढ़ें: IPL 2027 Auction: पिछले साल किसी ने नहीं खरीदा, अब 4 शतक जड़कर चमके शाई होप! इन 3 टीमों की लग सकती है बड़ी बोली

नीता अंबानी को पोलार्ड पर पूरा भरोसा

मुंबई इंडियंस की सह-मालकिन नीता अंबानी ने भी पोलार्ड की नियुक्ति पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पोलार्ड 22 साल की उम्र में टीम से जुड़े थे और पिछले 16 वर्षों में परिवार का अभिन्न हिस्सा बन गए। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने कई यादगार पल दिए और कोच के तौर पर अपना अनुभव तथा खेल की समझ साझा की।

नीता अंबानी के मुताबिक, पोलार्ड अच्छी तरह जानते हैं कि मुंबई की जर्सी पहनने का क्या मतलब है और टीम से किस तरह की प्रतिबद्धता की उम्मीद की जाती है।

मुंबई को फिर चैंपियन बनाने की चुनौती

मुंबई इंडियंस IPL की सबसे सफल टीमों में गिनी जाती है, लेकिन हाल के सीजन में उसका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम 2023 और 2025 में प्लेऑफ तक पहुंची, जबकि 2024 में दसवें और 2026 में नौवें स्थान पर रही।

अब पोलार्ड के सामने चुनौती सिर्फ टीम का माहौल संभालने की नहीं, बल्कि उसे फिर खिताब का मजबूत दावेदार बनाने की भी होगी। मुंबई के प्रशंसक उम्मीद करेंगे कि उनका पुराना स्टार अब कोच की भूमिका में भी वही जादू दिखाए।

यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ से दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट तक, मुंबई में बम धमाकों की धमकी से मचा हड़कंप; पुलिस अलर्ट