अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ से दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट तक, मुंबई में बम धमाकों की धमकी से मचा हड़कंप; पुलिस अलर्ट

By Pavan Kumar On October 24th, 2026

अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ से दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट तक, मुंबई में बम धमाकों की धमकी से मचा हड़कंप; पुलिस अलर्ट

मुंबई में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले और पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय में आए एक ईमेल में कई जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई। इसमें बीएमसी ऑफिस, शहर के कई स्कूल और अमिताभ के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ का भी जिक्र था। सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित स्थानों पर जांच शुरू कर दी।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद मनोरंजन जगत में पहले से ही चिंता का माहौल है।

मेयर के दफ्तर में आया धमकी भरा ईमेल

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें दावा किया गया कि दोपहर 3 बजे मेयर कार्यालय, दोपहर 1 बजे मुंबई के कुछ स्कूल और 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अमिताभ बच्चन के जलसा बंगले को निशाना बनाया जा सकता है।

ईमेल की सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। मुंबई पुलिस के डीसीपी मनीष कलवानिया के मुताबिक, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। शुरुआती जांच में ईमेल फर्जी होने की आशंका जताई गई है। पुलिस को शक है कि इसके पीछे केएनए ग्रुप हो सकता है, जिस पर पिछले कुछ महीनों में ऐसे फर्जी ईमेल भेजने का संदेह रहा है। हालांकि, मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: 8 दिन में टीम इंडिया की 2 टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने कहा अलविदा, 30 साल की इस खिलाड़ी के फैसले ने चौंकाया

दिलजीत दोसांझ के शो का भी ईमेल में जिक्र

धमकी में दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर’ का मुंबई कॉन्सर्ट भी शामिल बताया गया है। यह कार्यक्रम 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित होना तय है। ऐसे में शो की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

इस बीच, दिल्ली में 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट की अनुमति रद्द किए जाने की खबर भी सामने आई है। बताया गया कि त्योहारों के मौसम में सुरक्षा चिंताओं और पहले मिले धमकी भरे ईमेल को देखते हुए यह फैसला लिया गया। 15 अक्टूबर को दिल्ली के कुछ स्कूलों को भेजे गए एक ईमेल में छात्रों को दिलजीत के शो में शामिल न होने की चेतावनी दी गई थी।

मुंबई और दिल्ली पुलिस कर रही जांच

लगातार सामने आ रही धमकियों के बीच पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों की प्राथमिकता धमकी में बताए गए स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित खतरे की पड़ताल करना है।

हालांकि, शुरुआती तलाशी में संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से राहत मिली है, लेकिन जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं।

 

यह भी पढ़ें: Wagah Border पर ‘उड़ता तीर’ का प्रमोशन करने पहुंचे सारा-अयुष्मान, पाकिस्तानी Coke Studio के गाने ने बिगाड़ा खेल! वीडियो वायरल