8 दिन में टीम इंडिया की 2 टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने कहा अलविदा, 30 साल की इस खिलाड़ी के फैसले ने चौंकाया

By Pavan Kumar On October 24th, 2026

भारतीय महिला क्रिकेट से महज आठ दिनों के भीतर दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। अनुभवी बल्लेबाज पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया, वहीं उनके संन्यास के आठ दिन बाद एस मेघना ने भी क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। मेघना की उम्र अभी सिर्फ 30 साल है। ऐसे में उनका फैसला क्रिकेट फैंस के लिए हैरान करने वाला रहा।

टीम इंडिया से दूर थीं एस मेघना

आंध्र प्रदेश की रहने वाली एस मेघना अक्टूबर 2022 के बाद से भारतीय टीम में वापसी नहीं कर सकी थीं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2022 में खेला था। हालांकि, घरेलू क्रिकेट और महिला प्रीमियर लीग (WPL) में वह सक्रिय रहीं। WPL 2025 में भी वह मैदान पर नज़र आई थीं।

मेघना ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश के साथ अपने संन्यास की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि क्रिकेट का मैदान उनके लिए दूसरे घर जैसा रहा है। इस खेल ने उन्हें मुश्किल हालात में डटे रहना, विनम्र रहना और जिंदगी भर साथ रहने वाली यादें संजोना सिखाया।

उन्होंने यह भी साफ किया कि क्रिकेट से उनका रिश्ता खत्म नहीं होगा। आगे वह इस खेल से जुड़ी रहेंगी और अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने के साथ क्रिकेट को कुछ लौटाने की कोशिश करेंगी।

यह भी पढ़ें: 2027 ODI World Cup: वर्ल्ड कप के लिए भारत की आधी टीम तय? आकाश चोपड़ा ने चुने 6 खिलाड़ी, ऋषभ पंत को नहीं दी जगह!

इंटरनेशनल करियर में बनाए 372 रन

मेघना ने नवंबर 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। फरवरी 2022 में उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू का मौका मिला। उस सीरीज में उन्होंने लगातार दो मुकाबलों में 49 और 61 रन की शानदार पारियां खेलीं।

मेघना ने भारत के लिए तीन वनडे मैचों में 114 रन बनाए। वहीं, 17 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उनके नाम 258 रन रहे, जिनमें एक अर्धशतक शामिल है। WPL में उन्होंने 15 मैचों में 302 रन बनाए। वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की उस टीम का भी हिस्सा थीं, जिसने 2024 में खिताब जीता था।

पूनम राउत के करियर का यादगार अध्याय

37 वर्षीय पूनम राउत ने 2009 से 2021 के बीच भारत के लिए चार टेस्ट, 73 वनडे और 35 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। वनडे क्रिकेट में उनके नाम 2,299 रन, तीन शतक और 15 अर्धशतक दर्ज हैं।

उनके करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में 2017 महिला विश्व कप शामिल रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीग मैच में शतक लगाने के बाद उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 86 रन बनाए थे। भारत भले ही खिताब नहीं जीत सका, लेकिन उस टूर्नामेंट ने महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाई।

इसी साल आयरलैंड के खिलाफ पूनम और दीप्ति शर्मा ने वनडे में 320 रन की ओपनिंग साझेदारी कर इतिहास रचा था। पूनम 109 रन बनाकर चोट के कारण रिटायर हर्ट हुई थीं, जबकि दीप्ति ने 188 रन बनाए।

दोनों खिलाड़ियों के संन्यास के साथ भारतीय महिला क्रिकेट के दो अलग-अलग सफर खत्म हुए हैं। मेघना के लिए अब क्रिकेट को नई भूमिका में आगे बढ़ाने का रास्ता खुला है, जबकि पूनम अपने पीछे यादगार पारियों और शानदार रिकॉर्ड की विरासत छोड़ गई हैं।

यह भी पढ़ें: Wagah Border पर ‘उड़ता तीर’ का प्रमोशन करने पहुंचे सारा-अयुष्मान, पाकिस्तानी Coke Studio के गाने ने बिगाड़ा खेल! वीडियो वायरल