Yuvraj Singh का BCCI सिलेक्टर्स को साफ संदेश, अभिषेक शर्मा-ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी को ODI में मौका नहीं मिला तो टैलेंट के साथ होगी नाइंसाफी!

By Pavan Kumar On October 31st, 2026

Yuvraj Singh का BCCI सिलेक्टर्स को साफ संदेश, अभिषेक शर्मा-ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी को ODI में मौका नहीं मिला तो टैलेंट के साथ होगी नाइंसाफी!

भारतीय क्रिकेट में युवा बल्लेबाजों की प्रतिभा को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर Yuvraj Singh का मानना है कि अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को 50 ओवर के क्रिकेट में नियमित मौका नहीं देना उनकी प्रतिभा के साथ नाइंसाफी होगी। युवराज ने भारतीय टीम के चयन को लेकर अपनी राय खुलकर रखी है। उनके इस बयान के बाद अब वनडे टीम में इन युवा बल्लेबाजों की जगह को लेकर चर्चा तेज होना लाजिमी है।

‘उनकी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं हो रहा’

पीटीआई से बातचीत में युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा को वनडे टीम में देखने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा, “मैं सच कहूं तो अभिषेक को वनडे में देखना चाहूंगा। मैंने पहले भी कहा है कि अगर हम ईशान किशन, अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को 50 ओवर के क्रिकेट में नहीं चुन रहे हैं, तो कहीं न कहीं हम उनकी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं।”

हालांकि, युवराज ने यह भी स्वीकार किया कि भारतीय टीम में पहले से कई अनुभवी और शानदार खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में नए खिलाड़ियों के लिए जगह बनाना आसान नहीं होता। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह युवा बल्लेबाज प्रदर्शन कर रहे हैं, उसे देखते हुए उन्हें जल्द ही वनडे टीम में अवसर मिल सकता है। अभिषेक की सफलता का श्रेय भी उन्होंने खुद खिलाड़ी की मेहनत को दिया।

यह भी पढ़ें: IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले में टीम इंडिया को मिली करारी हार, 6 ओवर में ही पाकिस्तान ने पलटा मैच; जानें कैसा रहा रोमांच

अभिषेक के गुरु हैं युवराज सिंह

युवराज सिंह और अभिषेक शर्मा का रिश्ता सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं है। पंजाब से आने वाले अभिषेक लंबे समय से युवराज के मार्गदर्शन में अपनी बल्लेबाजी को निखारते रहे हैं। अभिषेक उन्हें अपना गुरु मानते हैं और बड़े मुकाबलों में उनकी सलाह अहम रही है।

अभिषेक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल में महज 35 गेंदों पर शतक जड़कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का नमूना पेश किया था। इससे पहले उन्होंने 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उनकी इस पारी ने युवराज को भी पुराने दिनों की याद दिला दी।

12 गेंदों में अर्धशतक पर युवराज ने ली चुटकी

युवराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मजाकिया अंदाज में अभिषेक को याद दिलाया कि वह अब तक 12 गेंदों में अर्धशतक बनाने का उनका रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए हैं। उन्होंने लिखा, “तुम अब भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकते, है ना अभिषेक? लगता है दो बाएं हाथ के बल्लेबाज अपने ही मैदान में खेल रहे हैं!”

इस पर अभिषेक ने भी हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि वह उस समय किस तरह का क्रिकेट खेल रहे थे, लेकिन ऐसा करना बिल्कुल आसान नहीं है। आप मैदान पर जाकर सिर्फ 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकते। ऐसा कभी-कभी ही होता है।”

अब देखना होगा कि अभिषेक, ईशान और वैभव को वनडे टीम में कब मौका मिलता है। युवराज की राय ने इस बहस को जरूर नई हवा दे दी है।

 

यह भी पढ़ें: IND vs NZ: 87 रन की हार के बाद श्रेयस अय्यर ने बताई टीम इंडिया की सबसे बड़ी चूक, ग्लेन फिलिप्स की पारी ने कैसे बिगाड़ा पूरा खेल?

Latest Post