अभिषेक शर्मा को ODI टीम में कब मिलेगा मौका? युवराज सिंह ने उठाया सवाल, बोले- ‘उन्हें और क्या करना चाहिए, समझ नहीं आता’

By Pavan Kumar On November 2nd, 2026

अभिषेक शर्मा को ODI टीम में कब मिलेगा मौका? युवराज सिंह ने उठाया सवाल, बोले- 'उन्हें और क्या करना चाहिए, समझ नहीं आता'

भारतीय क्रिकेट में इस वक्त अभिषेक शर्मा का नाम सबसे चर्चित युवा बल्लेबाजों में शामिल है। टी20 इंटरनेशनल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से उन्होंने अलग पहचान बनाई है, लेकिन वनडे फॉर्मेट में अब तक उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में भी उनका नाम नहीं है। अब उनके मेंटर और पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा है कि लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को 50 ओवर के क्रिकेट में भी मौका मिलना चाहिए।

‘वनडे टीम में जगह बनाने के लिए और क्या करे अभिषेक?’

क्रिकबज से बातचीत में युवराज सिंह ने अभिषेक की निरंतरता का जिक्र करते हुए कहा कि वह लंबे समय से व्हाइट बॉल क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें वनडे टीम में जगह क्यों नहीं मिल रही, यह बात उनकी समझ से बाहर है।

युवराज ने कहा, “चाहे उसने 35 रन बनाए हों, 100 रन या फिर 31 रन, वह लंबे समय से व्हाइट बॉल क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। वनडे टीम में जगह बनाने के लिए उसे और क्या करना चाहिए, मुझे समझ नहीं आता। शायद उसे गेंदबाजी और फील्डिंग में ज्यादा योगदान देना होगा, लेकिन ऐसा तभी संभव है जब उसे खेलने का मौका मिले।”

उन्होंने यह भी माना कि भारतीय टीम में जगह बनाने की प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी है और कई बड़े नाम पहले से टीम का हिस्सा हैं। इसके बावजूद उनका मानना है कि अभिषेक को 2027 वनडे विश्व कप से पहले 50 ओवर के क्रिकेट में खुद को साबित करने का अवसर मिलना चाहिए।

यह भी पढ़ें: IND vs NZ T20I Series: ग्लेन फिलिप्स ने तोड़ा फिल सॉल्ट का रिकॉर्ड, 341 रन बनाकर बने नंबर-1; नमन धीर ने फिन एलन को पछाड़ा

अभिषेक में लीडर बनने के गुण देखते हैं युवराज

युवराज सिर्फ अभिषेक की बल्लेबाजी से प्रभावित नहीं हैं, बल्कि उनकी नेतृत्व क्षमता की भी तारीफ करते हैं। उन्होंने खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी के साथ अभिषेक के व्यवहार का उदाहरण दिया। युवराज के मुताबिक, अभिषेक युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हैं और मुश्किल समय में उनका हौसला बढ़ाते हैं।

उन्होंने कहा, “अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि वह कप्तान बनने के लिए तैयार हैं या नहीं, लेकिन उनमें एक लीडर बनने के सारे गुण मौजूद हैं।”

टीम इंडिया की कप्तानी के लिए IPL का अनुभव जरूरी

भविष्य में भारतीय टीम की कप्तानी को लेकर युवराज ने एक अहम बात कही। उनके अनुसार, जो खिलाड़ी आगे चलकर भारत की कप्तानी करना चाहता है, उसके लिए पहले अपनी आईपीएल टीम का नेतृत्व करना फायदेमंद हो सकता है। इससे उसे दबाव में फैसले लेने और टीम संभालने का आत्मविश्वास मिलता है।

हालांकि, युवराज ने साफ किया कि कप्तान बनना किसी खिलाड़ी की सफलता का पैमाना नहीं है। उन्होंने अभिषेक पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह कप्तान बनें या नहीं, उनका करियर एक शानदार व्हाइट बॉल क्रिकेटर के रूप में खत्म होगा।

यह भी पढ़ें: IND vs NZ 5th T20I: 191 रन बनाकर भी हारी टीम इंडिया, श्रेयस अय्यर ने बताया कहां हुई सबसे बड़ी चूक; फील्डिंग पर उठाए सवाल